ऊना। नगर परिषद ऊना अलग-अलग स्थानों पर नौ टॉयलेट बनाएगी। इसके प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी मिल गई। इनमें से अधिकांश शौचालय का प्राक्कलन तैयार हो चुका है, जबकि कुछ पर काम चल रहा है। नवंबर के अंत तक इनके टेंडर निकाले जाएंगे।
मंगलवार को नगर परिषद की बैठक तहसीलदार एवं अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी विजय राय की अध्यक्षता में हुई। इसमें नगर परिषद अध्यक्ष बाबा अमरजोत बेदी सहित पार्षद मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि कार्यकारी अधिकारी का पद रिक्त होने के कारण बैठक में सिर्फ 4 नक्शे पास हुए। डेढ़ महीने से कार्यकारी अधिकारी न होने से अभी तक डिजिटल सिग्नेचर अपलोड नहीं हो पाए हैं। बैठक में हेडगेवार सोसायटी को जमीन के लिए एनओसी देने पर फैसला 6 नवंबर को प्रस्तावित बैठक तक स्थगित किया गया। नगर परिषद ने स्वच्छता की नई गाइडलाइन को लागू कर दिया है।
नप अध्यक्ष ने बताया कि इस गाइड लाइन में 18 प्वाइंट्स हर नगर परिषद को पूरे करने हैं। इसके साथ-साथ जो भी नगर परिषद सफाई को लेकर सही उतरेगी उसको एक करोड़ रुपये का केंद्र सरकार इनाम देगी। नई गाइड लाइन के मुताबिक सौ प्रतिशत डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन की शर्त है। हर सरकारी व निजी दफ्तर अथवा दुकान व हर घर सहित होटल, संस्था आदि को कूड़ा देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना पर सरकार द्वारा नप का चालान करने का प्रावधान रखा है। बैठक में डीएवी स्कूल की गली में पेवर बिछाने को अनुमति दी गई। शहर की गलियों में माया होटल, हनुमान मंदिर आदि को भी मंजूरी मिली। खास कर रोनकी सराय के सामने शौचालय तथा रेन शेल्टर और बैठने की प्रोबेशन की भी अनुमति दी गई।