जनमंच कार्यक्रम में हल होंगी
लोगों की समस्याएं : एसडीएम
कल बंगाणा के मंदली में होगा पांचवां जनमंच कार्यक्रम
वीरेंद्र कंवर करेंगे अध्यक्षता, विभिन्न विभाग लगाएंगे जागरूकता शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। प्रदेश सरकार ने जन समस्याओं का घर द्वार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित बनाने के लिए जनमंच की शुरुआत की है। जनमंच के माध्यम से जहां सरकार के मंत्री सीधे लोगों की शिकायतों को मौके पर ही विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हल कर रहे हैं। वहीं, समस्याओं के समयबद्ध और त्वरित निपटारे के लिए अधिकारियों को मौके पर ही उचित दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला ऊना का पांचवां जनमंच कुटलैहड़ विस क्षेत्र के तहत रावमावि मंदली में 7 अक्तूबर को होगा। इस पांचवें जनमंच की अध्यक्षता प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर करेंगे। एसडीएम बंगाणा संजीव कुमार ने बताया कि जनमंच को लेकर लोगों में व्यापक जन जागरूकता लाने और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लोगों को लाभान्वित करने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से लगातार जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनमंच को लेकर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की 14 पंचायतों, जिनमें थानाकलां, छपरोह, टीहरा, बल्ह, बुढवार, मंदली, रायपुर, परोईयां कलां, चंगर, बोहरू, थड़ा, डीहर, मोमन्यार और पलाहटा पंचायतों को चिह्नित किया है। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, जिसमें गृहिणी सुविधा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जनधन योजना, बेटी है अनमोल योजना, राशन कार्डों का डिजिटलाइजेशन, भावी माताओं का पंजीकरण एवं प्रतिरक्षण और स्वच्छता तथा सभी घरों में शौचालय के इस्तेमाल से संबंधित 14 पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया जा रहा है।