थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा का सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं कल्याणकारी कार्यालय स्टाफ की कमी के कारण सप्ताह में मात्र दो दिन ही खुल पाता है। सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं कल्याणकारी कार्यालय में स्टाफ की कमी के चलते बुजुर्गों व अन्य लोगों को काम करवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यालय में लोगों के अधिकांश कार्य अधर में लटके हुए हैं।
कार्यालय में रोज लोग ताला जड़ा देखकर घर वापिस लौट रहे हैं। क्षेत्र के सैकड़ों वृद्ध लोग पेंशन के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। ग्रामीणों को कल्याण विभाग में किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं मिल पा रही है जिससे लोगों को मायूस होकर घर लौटना पड़ रहा है। दफ्तर के दरवाजे पर आए दिन ताला लटका रहने से वृद्ध लोगों को पेंशन शुरू करवाने के लिए कई महीनों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं कल्याणकारी कार्यालय के तहत क्षेत्र की करीब 40 पंचायतों के लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए बंगाणा पहुंचते हैं। लेकिन, विभाग के कार्यालय पर ताला लटका रहने से लोगों के समय और पैसे की बर्बादी हो रही है। लोगों में अमृत लाल, अमर, जीत राम, बलराज, अश्वनी, सुरेंद्र, रोशन लाल, हरभजन सिंह, सावित्री देवी ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से विभाग में खाली पदों को भरने की मांग उठाई है।