ऊना। अंब के मैड़ी में 27 फरवरी से नौ मार्च तक होने वाले डेरा बाबा बड़भाग सिंह होली मेले में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के 600 जवान तैनात होंगे। मेले के लिए 25 फरवरी से धारा 144 लागू होगी और 11 मार्च तक लागू रहेगी। इस दौरान कानून एवं व्यवस्था में तैनात जवानों को छोड़कर किसी भी व्यक्ति द्वारा आग्नेय अस्त्र लेकर चलने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
होली मेले के लिए डीएसपी वसुधा सूद ने करीब 600 जवानों की मांग की है। पुलिस अधीक्षक की ओर से फैसला आना बाकी है। मेले के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थानों पर अभी से नाकाबंदी शुरू हो गई है। मरवाड़ी और आशापुरी में वाहनों को जांच के बाद ही ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं को लेकर आ रहे मालवाहक वाहनों को वहीं से वापस भेजा रहा है। प्रशासन ने मैड़ी मेले के लिए मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं के आने पर प्रतिबंध लगाया है। बीते सालों में मालवाहक वाहनों पर रोकथाम की मुहिम नाकाफी साबित हुई। हर साल मालवाहक वाहन हादसाग्रस्त होते हैं और इसमें कई श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इसकी रोकथाम के लिए इस बार क्या रणनीति बनाई जाती है, यह देखना रोचक रहेगा। पुलिस की ओर क्षेत्र में पेट्रोलिंग टीम भी सक्रिय कर दी गई है।
प्रतिबंधित वस्तुएं पुलिस के पास होंगी जमा
मेले के दौरान ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए जिला प्रशासन, पंचायत समिति अंब और प्रबंधन डेरा बाबा बड़भाग सिंह, मंजी साहिब और चरण गंगा को छोड़कर अन्यों के लिए लाउड स्पीकर का इस्तेमाल करने पर पूर्ण मनाही रहेगी। इसके अतिरिक्त मेले के दौरान ब्रॉस बैंड़, ड्रम, लंबे चिमटे आदि लाने पर भी पूर्ण पाबंदी रहेगी। यदि कोई व्यक्ति इन वस्तुओं को अपने साथ लाता है तो उन्हें बैरियर पर ही पुलिस के पास जमा करवाना होगा। मेला प्रबंधन कमेटी श्रद्धालुओं को मंजी साहिब की ओर खुलने वाले दरवाजे से बाहर जाने की व्यवस्था करेगी और लंगर से वापस आने वाले श्रद्धालु पिछले दरवाजे से बाहर जाएंगे ताकि वहां एक स्थान पर अधिक भीड़ इकट्ठी न हो।
कोट्स
मंजी साहिब के सराय लंगर भवन की ओर से श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद रहेगा। जबकि गुरुद्वारा के नजदीक प्रवेश द्वार के माध्यम से सराय जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त चरण गंगा प्रबंधन सुनिश्चित करेगा कि लोग एक ही दिशा से आगे बढ़ें, ताकि आमने सामने से लोग एक साथ न आएं। इससे किसी प्रकार का हादसा और भगदड़ की आशंका बेहद कम रहती है। राघव शर्मा, उपायुक्त ऊना