मुच्छाली के शक्ति चंद ने उगाया 55 सेंटीमीटर लंबा करेले को दिखाते हुए।संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के गांव मुच्छाली के किसान शक्ति चंद ने अपने बगीचे में ऐसा करेला उगाया है, जो न केवल आकार में बड़ा है बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। यह करेला 55 सेंटीमीटर लंबा है और देखने में किसी बॉटनिकल प्रदर्शनी के विशेष नमूने जैसा लगता है। शक्ति चंद ने बताया कि इसकी कहानी भी उतनी ही खास है जितना इसका आकार। उनकी बहू तनु बाला बागवानी विभाग जिला ऊना के सौजन्य से पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना गई थीं, जहां एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत उन्होंने विशेष किस्म का करेले का पौधा और बीज किट मात्र 100 रुपये में खरीदी। पौधे को शक्ति चंद ने अपने बगीचे में लगाया और नियमित देखभाल व मेहनत से सिंचित किया। नतीजा यह रहा कि करेला 55 सेंटीमीटर लंबाई तक पहुंच गया। शक्ति चंद का कहना है कि वे इसके बीज भविष्य में भी बोएंगे ताकि इसकी पैदावार और संभावनाएं देखी जा सकें। स्थानीय ग्रामीण और बागवानी प्रेमी इस अनोखे करेले को देखने के लिए उनके बगीचे में पहुंच रहे हैं।