ऊना। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऊना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बडसाला गांव में एक युवक से 5.49 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने वीरवार दोपहर के समय की इस कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान नरेश निवासी गांव बडसाला जिला ऊना के तौर पर हुई।
पुलिस के अनुसार, बीते रविवार को सदर थाना ऊना के तहत बड़साला निवासी एक युवक को 10.45 चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी का रिमांड प्राप्त कर उसके बैकवर्ड लिंक खंगाले। जांच के आधार पर एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने वीरवार को कार्रवाई करते हुए उक्त युवक के कब्जे से 5.49 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
इससे पहले पुलिस ने गांव अपर बसाल में रविवार रात्रि 10.45 ग्राम चिट्टे के साथ आरोपी विशाल भारद्वाज निवासी बडसाला जिला ऊना को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी की बाइक को भी कब्जे में लिया। उसे अब शनिवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि वीरवार को पकड़े आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ शुरू कर दी है। कहा कि नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।