गोंदपुर बुल्ला में हुई वारदात, पुलिस ने तीन आरोपी पकड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। टाहलीवाल पुलिस थाना क्षेत्र के तहत गोंदपुर बुल्ला स्टोन क्रशर के मुंशी की आंखों में स्प्रे डालकर शातिरों ने 5.20 लाख रुपये लूटने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही लूट की राशि को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह निवासी लदासर (राजस्थान), संजय व दीपक कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोंदपुर बुल्ला स्टोन क्रशर का मुंशी रंजीत सिंह निवासी पपुरना (राजस्थान) मंगलवार को सुबह पौने 10 बजे के करीब स्टोन क्रशर से 5.20 लाख रुपये का कैश लेकर गाड़ी में जा रहा था। मुंशी जैसे ही सिद्ध बाबा मंदिर के रास्ते के पास पहुंचा तो सामने एक गाड़ी खड़ी थी। इसमें तीन युवक सवार थे। गाड़ी में क्रशर पर काम करने वाला दीपक सिंह भी बैठा हुआ था। इस दौरान उक्त गाड़ी से एक युवक उतरकर आया और उसने रंजीत सिंह की आंखों में स्प्रे डाल दिया। इसके बाद तीनों युवकों ने उससे 5.20 लाख रुपये का कैश लूट लिया और वहां से भाग गए। इसके बाद रंजीत सिंह ने स्टोन क्रशर के स्टाफ को सूचित किया। वहीं स्टाफ सदस्यों ने सूचना टाहलीवाल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने कैश छीनकर भागे तीनों युवकों को दबोच लिया। इसके बाद तीनों युवकों को पकड़कर थाना लाया गया और उनसे लूटी गई 5.20 लाख रुपये की राशि को भी बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने कैश छीनने वाले तीनों युवकों दीपक सिंह, दीपक कुमार व संजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ धारा 115(2), 309(4) 61(2)के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।