चिंतपूर्णी (ऊना)। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में पेयजल संकट गहरा गया है। क्षेत्र में कई जगहों पर एक सप्ताह से नलों में पानी नहीं आ रहा। स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालु भी पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं।
होटल और सरायों वाले भी पेयजल की आपूर्ति को लेकर काफी परेशान हैं। टैंकरों से पानी खरीद कर स्टोर किया जा रहा है। कई घरों में तो टैंकर भी नहीं पहुंच पाते। दूसरी ओर भीड़ वाले दिनों में बाजार से पानी का टैंकर लेकर जाना खतरे से कम नहीं है।
धार्मिक स्थल पर पानी के लिए मच रही त्राहि चिंता का विषय है। दावे तो 24 घंटे पेयजल मुहैया करवाने के किए जाते हैं। दूसरी ओर सावन अष्टमी मेला नजदीक होने के चलते विभाग की ओर से किए जा रहे प्रबंधों की भी पोल खुल रही है। विभाग की ढीली कार्यप्रणाली तो यहां तक है कि डेढ़ साल से ब्लॉक पाइप लाइन अभी तक ठीक नहीं की गई है। स्थानीय निवासी जीवन कालिया, राजेश कालिया, विशाल शर्मा, प्रवीण, दीपांश, विक्की, गोपाल, दीपक का कहना है कि उन्हें पेयजल की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है। विभाग इसकी सुध नहीं ले रहा। गांव वासियों के साथ-साथ श्रद्धालु भी परेशान हो रहे हैं।
मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा का कहना है कि मंदिर न्यास की ओर से पेयजल विभाग को 80 लाख रुपये रिग बोर (ट्यूबवेल) के लिए दिया हुआ है। अब काम तो पेयजल विभाग को ही करना है। मंदिर न्यास वाटर कूलर लगाकर श्रद्धालुओं को पेयजल आपूर्ति कर रहा है।
मोटर में तकनीकी खराबी के चलते समस्या आई थी। इसे ठीक करवा दिया है। ब्लॉक लाइन दो तीन दिन में ठीक कर दी जाएगी। मंदिर न्यास की ओर दिए पैसे से बोर करवा दिया है। पंप हाउस के लिए टेंडर लगा दिया है।
पंकज कुमार, सहायक अभियंता, आईपीएच