अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
औद्योगिक क्षेत्र गगरेट और टाहलीवाल में आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने को लेकर बचत भवन ऊना में कार्यशाला की गई। कार्यशाला का शुभारंभ अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ऊना सुखदेव सिंह ने किया।
कार्यशाला में आपदा प्रबंधन संस्थान भोपाल के आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ जयंत रोशन ने अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। कार्यशाला में जिला के दो औद्योगिक क्षेत्रों टाहलीवाल और गगरेट में आपदा प्रबंधन योजना को लेकर विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। साथ ही किसी भी आपदा के दौरान जिला एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से उठाए जाने वाले कदमों की रूपरेखा बनाई गई।
आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ जयंत रोशन ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन से औद्योगिक आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी अधिकारियों को दी। कार्यशाला में एसडीएम पृथीपाल सिंह, दिले राम धीमान, संजीव धीमान, बच्चन सिंह, सीएमओ डॉ. प्रकाश दडोच, जीएम उद्योग अंशुल धीमान सहित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।