शशिभूषण पुरोहित
ऊना।
आखिर लोकतंत्र के महापर्व की वो घड़ी नजदीक आ गई है, जब जनता-जनार्दन अपने भावी विधायक के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगी। युद्धभूमि सज चुकी है। अंतिम चरण के प्रचार में प्रत्याशियों ने पूरी रात जागकर गुजारी। जिला की कुल पांच सीटों पर इस बार 22 प्रत्याशी चुनावी समर में ताल ठोक रहे हैं। कुल 3 लाख 90 हजार 634 मतदाता इन प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। जिला में कुल 509 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें 54 अतिसंवेदनशील तथा 112 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं। इनमें सबसे अधिक मतदान केंद्र कुटलैहड़ में 117 और 90 मतदान केंद्र गगरेट निर्वाचन क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं। दिलचस्प यह है कि पिछली मर्तबा 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं का कुल वोटर का 1.31 प्रतिशत था जो इस बार बढ़कर 2.56 प्रतिशत हो गया है। इसके अलावा जिला में प्रति हजार पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं का अनुपात भी 958 से बढ़कर 968 हो गया है। यानी जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कमोबेश महिलाओं के हाथ ही प्रत्याशियों की बागडोर होगी। जिला निर्वाचन विभाग ने क्षेत्र में दो-दो महिला कर्मियों द्वारा संचालित मतदान केंद्र भी स्थापित कर रखे हैं। इनमें सुरक्षा व्यवस्था में भी महिलाएं ही तैनात होंगी। इसके अलावा जिला में 930 शारीरिक तौर पर अक्षम मतदाता हैं जिनके लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। ऐसे मतदाताओं की सुविधा के लिए 34 व्हील चेयर का प्रबंध कर लिया गया है।
सुबह आठ बजे शुरू होगा मतदान
जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 509 मतदान केंद्रों में सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो जाएगा जो शाम के पांच बजे तक चलेगा। मतदाता वोटिंग आईडी कार्ड के अलावा लाइसेंस, आधार कार्ड और अन्य वैध पहचान पत्रों के आधार पर मतदान कर सकेंगे।
उपायुक्त ने की वोटिंग की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विकास लाबरू ने जिला के सभी मतदाताओं से आज नौ नवंबर को लोकतंत्र के इस पर्व में अधिक से अधिक भागेदारी निभाने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि इस बार जिला में 90 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो जिला के जागरूक और प्रबुद्ध मतदाताओं के सहयोग से पूरा हो सकेगा। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक मतदान की अपील की है।