अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊना में पांच नवंबर को होने वाली चुनावी रैली के चलते जिला पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था से निपटने को विशेष रोड मैप तैयार किया है ताकि जिला मुख्यालय से गुजरने वाले वाहनों को रैली के दौरान जाम की स्थिति से न गुजरना पड़े। वहीं रैली में शामिल होने वाले लोगों के लिए पुलिस ने अलग से वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की है।
एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पांच नवंबर को सुबह सात से 1:00 बजे तक चंडीगढ़ से होशियारपुर, धर्मशाला, कांगड़ा पालमपुर से आने जाने वाले समस्त वाहनों को नंगल से वाया अजौली, संतोषगढ़, टाहलीवाल, हरोली और झलेड़ा होते हुए आना-जाना चिन्हित किया है। इसी प्रकार हमीरपुर की तरफ से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ की तरफ से हमीरपुर आने जाने वाले वाहन को सुबह सात से दोपहर एक बजे तक वाया थानाकलां पीरनिगाह, मदनपुर बसोली मैहतपुर से होते हुए आना-जाना चिन्हित किया गया हैै। जिससे आम जनता की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
एसपी ने ऊना शहर के स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे पांच नवंबर को सुबह 7:00 बजे से दोपहर एक बजे तक सुरक्षा की दृष्टि से अपने वाहनों को शनि मंदिर रक्कड़ से झलेड़ा चौक तक सड़क के दोनों ओर पार्क न करें। आवश्यकता पड़ने पर ही इस सड़क का प्रयोग करें।
पार्किंग के लिए की गई जगह चिन्हित
एसपी संजीव गांधी ने रैली में भाग लेने वाले लोगों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है। कांगड़ा, हरोली से आने वाले वाहन चंद्रलोक कॉलोनी में पार्क किए जाएंगे। हमीरपुर से आने वाले वाहन ट्रक यूनियन ऊना में पार्क किए जाएंगे। मैहतपुर की तरफ से आने वाले वाहन शनि मंदिर के पास रक्कड़ में पार्क किए जाएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि जो लोग रैली में भाग लेना चाहते हैं, वे सुबह 10 बजे से पहले रैली स्थल पर पहुंचे।