फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विद्युत लाइन पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचा परिवार

विज्ञापन
विज्ञापन
मैहतपुर (ऊना)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर सहोड़ां के निकट बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक मकान के पास शीशम का एक पेड़ चलती विद्युत लाइन पर गिर गया। हादसे में परिवार के सदस्य तथा साथ लगते एक मवेशीखाने में बंधे कई मवेशी बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि पेड़ घर पर न गिरकर विपरीत दिशा की ओर गिरा अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। अभी भी सफेदे के कई पेड़ गिरने की कगार पर हैं, जो कभी भी तेज हवा के साथ लगते घरों में गिरकर बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। घर के मालिक विजय धर्माणी ने बताया कि उन्होंने एक अरसा पूर्व स्थानीय पंचायत तथा डीएफओ ऊना को एक लिखित पत्र के जरिए इन पेड़ों को काटने की गुजारिश की थी, लेकिन किसी ने उनकी शिकायत पर गौर नहीं किया। हालांकि, वन विभाग के हमीरपुर कार्यालय के पत्र में भी पेड़ कटान की अनुमति संबंधी एक पत्र उन्हें मिला है, बावजूद इसके वन विभाग के आला अफसरों ने इन पेड़ों को कटवाने को लेकर कोई संजीदगी नहीं दिखाई। बुधवार को करीब 9 बजे पेड़ विद्युत लाइन पर गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिस कारण रायपुर सहोड़ां में करीब पांच घंटे विद्युत सप्लाई गुल रही। विजय धर्माणी के मुताबिक वन विभाग हमीरपुर से 26/8/2013 आए पत्र संख्या 11103 जोकि डीएफओ ऊना को आया था, उसमें सरकारी जमीन के खसरा नंबर 2451 में लगे इन पेड़ों की बाबत दिशा निर्देश जारी किए गए थे, जो स्थानीय लोगों की जान माल का खतरा बना हुए हैं। विजय धर्माणी ने कहा कि वे एक अरसे से वन विभाग की कार्यवाई का इंतजार कर रहे हैं। शायद विभाग किसी बड़े हादसे के इंतजार में है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल के आसपास गोबर के ढेरों की वजह से खोखली हो चुकी जमीन पर खड़े सफेदे के पेड़ एक-एक कर गिर रहे हैं, लेकिन विभाग इनको काट नहीं रहा है। उधर, डीएफओ आरके डोगरा ने कहा कि उन्हें इस बाबत सूचना मिली है, जल्द इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें