संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। कोरोना से बचाव के लिए कोविड टीकाकरण अभियान धरातल पर पूरी तरह से कामयाब होता नजर नहीं आ रहा है। जिले में 15 से 18 उम्र वर्ग में 4,271 से अधिक लाभार्थियों ने दूसरी कोविड वैक्सीन की डोज नहीं लगवाई है, जबकि डोज लगाने की तय अवधि पूरी हो गई है।
जिले में छह मई के आंकड़ों के अनुसार 15 से 18 आयु वर्ग में 34,692 ने पहली कोविड डोज लगवा ली है। इनमें से 30,421 किशोरों ने ही कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है, जबकि अन्य किशोर दूसरी डोज लगवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।
कोरोना के कम मामलों के बीच अभिभावक अब इस ओर अधिक ध्यान नहीं दे रहे हैं। यही हाल बूस्टर डोज को लेकर भी देखने को मिल रहा है। जिले में अब तक केवल 21,571 लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है।
इससे साफ जाहिर होता है कि टीकाकरण को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियानों का भी कोई खासा असर देखने को नहीं मिल रहा है। जिले में टीका लगाने के रोजाना विभिन्न स्थानों पर केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
इसके बावजूद काफी कम संख्या में किशोर टीका लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। आशा वर्कर भी घर-घर जाकर लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए जागरूक कर रही हैं, लेकिन टीकाकरण केंद्रों में कम ही लोगों देखने को मिल रहे हैं।
बता दें कि ऊना जिला में छह मई के आंकड़ों के अनुसार अब तक 4,98,944 ने पहली डोज लगवा ली है। जबकि 4,79,038 ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगवा ली है। जिले में वर्तमान में कोरोना के मात्र चार सक्रिय मामले हैं।
रोजाना शून्य या एक ही कोरोना संक्रमित जिले भर में मिल रहा है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजू बहल ने कहा कि 15 से 18 साल के अधिक से अधिक किशोरों का टीकाकरण किया गया है। बचे हुए किशोरों का टीकाकरण भी जल्द पूरा किया जाएगा।