नंगल सलंगड़ी में कर्मचारियों को रेस्क्यू करते दमकल विभाग के कर्मी। संवाद
मूसलाधार बारिश से जिला भर में आंका गया 41.72 करोड़ का नुकसान
चंड़ीगढ़ धर्मशाला नेशनल हाईवे की नालियां बंद, ऊना के झलेडा में पेट्रोल पंप जलमग्न
जिले में 11 जगहों पर मकानों और दुकानों में घुसा पानी
ऊना जिला में सामान्य से 436 फ़ीसदी अधिक बारिश रिकाॅर्ड दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में शनिवार रात्रि और रविवार सुबह मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। उद्योगों और घरों में पानी घुसने से करोड़ों का नुकसान हो गया है। नंगल सलांगड़ी में एक टेक्सटाइल उद्योग में जलभराव होने से 42 कर्मचारी फंस गए। दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू करके उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है और वर्तमान में बचाव और राहत का कार्य जारी है। वहीं, गगरेट के औद्योगिक क्षेत्र में भी नाले का पानी घुस गया। जहां पर सात के करीब उद्योगों में जलभराव हुआ। वहीं, चंडीगढ़ धर्मशाला नेशनल हाईवे ऊना के झलेड़ा में भी नालियां बंद होने से हाईवे का सारा पानी पेट्रोल पंप में समा गया। पेट्रोल पंप में जलभराव होने की सूरत में काफी नुकसान हुआ है। जिलाभर के 11 स्थानों पर मकानों, दुकानों, व्यावसायिक परिसरों में जलभराव हुआ। आगामी दिनों में भी मौसम विभाग ने बारिश होने की संभावना जताई है। स्वां नदी में पानी काफी उफान पर रहा। शनिवार की मध्य रात्रि और रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से जिलाभर में अब तक 41.72 करोड़ का नुकसान आंका गया है। रविवार को हुए नुकसान की रिपोर्ट सोमवार को विभाग की ओर से फील्ड से तैयार करके प्रेषित की जाएगी। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में सामान्य से 436 फीसदी अधिक बारिश रिकाॅर्ड दर्ज की गई है। जिला में 67.2 एमएम बारिश हुई है। स्वां के साथ सटे क्षेत्र में अभी भी प्रवासी और पशुपालक डेरा जमाए हुए हैं। पंचायत प्रतिनिधि से लेकर प्रशासनिक अधिकारी उन्हें भी सुरक्षित जगह पर पहुंचाने में अभी तक दिलचस्पी लेते नजर नहीं आए हैं।
उधर, डीसी ऊना जतिन लाल का कहना है कि अब तक बारिश के चलते जिले में 41.72 करोड़ का नुकसान आंका गया है। रविवार को हुए नुकसान की रिपोर्ट विभागीय अधिकारियों से सोमवार को तलब की जाएगी।