अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। इंदिरा मैदान ऊना में युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से शनिवार को जिला स्तरीय लंबी और मध्यम वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर 150 से अधिक युवक और युवतियों ने 3000 और 5000 मीटर दौड़ में हिस्सा लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
लड़कों के वर्ग में 3 हजार मीटर की दौड़ में हरोली स्कूल के जतिन कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। जबकि गगरेट के कप्तुल्हा ने दूसरा और रैंसरी के मोहित ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों के वर्ग में ईसपुर की मंजु देवी ने पहला, ईसपुर की ही रिया ने दूसरा अैर ऊना की पिंकी ने तीसरा स्थान अर्जित किया। लड़कियों की अंडर-19 आयु वर्ग में 5000 मीटर दौड़ में अंब की ज्योति बाला ने पहला स्थान हासिल किया। जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रिया देवी ने दूसरा और ईसपुर की सुमन देवी ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी आयु वर्ग में लड़कों की प्रतियोगिता में अंब के अजय ने पहला और अंब के ही बादल चौधरी ने दूसरा तथा हरोली के राहुल कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर एससीटू डीसी एसके पराशर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामना दी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विजेता को 6 हजार रुपये, दूसरा स्थान हासिल करने वाले उपविजेता 5 हजार और तीसरा स्थान अर्जित करने वाले धावकों को 4 हजार रुपये की नगद राशि देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर कार्यकारी फुटबाल कोच चंद्रमोहन शर्मा, हॉकी कोच आशीष सेन, एथलेटिक कोच भागीरथ, वॉलीबाल कोच अशोक, पूजा, सुमन लता, बैडमिंटन कोच संजय कुमार और अनिल शर्मा सहित अन्य खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।