ऊना। उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने जिले के चार पटवार सर्कलों पंजावर एक, पंजावर-दो, भडियारा तथा जाडला कोयडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान पटवार सर्कल पंजावर एक और दो में पटवार कार्यालयों में ताले मिले। उन्होंने कहा कि संबंधित पटवार सर्कलों में अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। पंजावर पटवार सर्कल-दो में कार्यालय के बाहर अनुपस्थित होने का कारण नहीं लिखा हुआ था।
उन्होंनेे जिले की आम जनता से भी आह्वान किया है कि यदि उनके क्षेत्र में कर्मचारियों से संबंधित कार्यालयों में अनुपस्थिति पाई जाती है तो इस बारे में जिला प्रशासन को शिकायत भेजें। उन्होंने कहा कि लोगों को घर-द्वार के पास बेहतरीन राजस्व सेवाएं मिले तथा कर्मचारी लगातार कार्यालयों में उपस्थित रहें ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पडे़। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि आम लोगों को कर्मचारियों के कारण अनावश्यक परेशानी न झेलनी पडे़।इस दौरान उनके साथ जिला राजस्व अधिकारी विद्या धर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।