मैहतपुर (ऊना)। जिले की सरहदी पंचायत बीनेवाल में लोगों के घरों में बरसात का पानी घुस जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के जो घर संपर्क सड़क के साथ हैं, वहां समस्या ज्यादा है।
बरसाती पानी के उचित निकासी का पुख्ता बंदोबस्त न होने से लोगों का यह दिक्कत झेलनी पड़ रही है। पंचायत प्रधान जसवीर कौर के मुताबिक लोगों की मांग पर सड़क के दोनों ओर पक्के नालों के निर्माण को लेकर पंचायत ने प्रस्ताव संख्या 7 दिनांक 4 जुलाई को लोकनिर्माण विभाग से यह मांग उठाई है, कि इस समस्या का जल्द कोई पुख्ता हल निकाला जाए। प्रधान जसवीर कौर ने कहा कि जब तक पक्के नालों का निर्माण सड़क के दोनों ओर नहीं हो जाता, तब यह समस्या हल नहीं हो सकती।
पंचायत प्रधान ने बताया कि प्रस्ताव की एक प्रति जिला परिषद सदस्य पंकज सहोड़ को भेजकर उनसे भी समस्या के जल्द हल की मांग उठाई गई है। जिप सदस्य पंकज सहोड़ ने कहा कि लोकनिर्माण विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों को पक्के नाले के निर्माण के लिए जमीन देने को अनापत्ति प्रमाण पत्र देने को कहा है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर सहमति बनती है तो पक्के नालों का निर्माण करवाया जाएगा ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।