नपं अध्यक्ष चुनाव के लिए कोरम अधूरा
नगर पंचायत टाहलीवाल में होना था चुनाव, सिर्फ पांच पार्षद रहे मौजूद
अब शनिवार को होगा चुनाव, कोरम की शर्त खत्म
अमर उजाला ब्यूरो
टाहलीवाल(ऊना)।
हरोली विस क्षेत्र की एकमात्र नगर पंचायत टाहलीवाल में अध्यक्ष के चुनाव के लिए कोरम पूरा नहीं हो पाया। इस वजह से अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाया। अध्यक्ष के चुनाव के लिए अब शनिवार का दिन तय हो गया है। इसमें चुनाव के लिए कोरम की कोई जरूरत नहीं होगी। नगर पंचायत टाहलीवाल में अध्यक्ष चुनाव के लिए शुक्रवार को एसडीएम हरोली गौरव चौधरी की अध्यक्षता में कार्यवाई शुरू हुई। इसमें नगर पंचायत टाहलीवाल के सात में से पांच पार्षदों ने हिस्सा लिया। इनमें सुनीता कुमारी, राज कुमारी, राज कुमार, संजीव कुमार और कुलदीप सिंह उपस्थित हुए जबकि पूर्व अध्यक्ष व एक पार्षद नहीं आए। चुनाव के कोरम पूरा होने के लिए सात में से छह पार्षदों का उपस्थित होना जरूरी था। इस वजह से कोरम पूरा नहीं हो पाया। एसडीएम गौरव चौधरी ने बताया कि कोरम पूरा नहीं होने से अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाया है। शनिवार को अध्यक्ष के चुनाव के लिए तिथि तय की गई है। इसमें कोरम पूरा करने की नियमानुसार कोई जरूरत नहीं होगी और उपस्थित पार्षदों की मौजूदगी में चुनाव करवा दिए जाएंगे।