संतोषगढ़(ऊना)।
यूथ स्पोर्ट्स एंड कल्चर क्लब ऊना के तत्वाधान में संतोषगढ़ क्रिकेट मैदान में चल रही प्रिंस मेमोरियल चैलेंजर्स क्रिकेट ट्रॉफी रविवार को संपन्न हुई। चार दिवसीय क्रिकेट मुकाबले का फाइनल एथ्री अकादमी दिल्ली और पीसीपीए अकादमी के बीच हुआ। पीसीपीए अकादमी की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर आठ विकेट से मैच जीतकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
एथ्री अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 10 विकेट खोकर 141 रन बनाए। टीम की ओर से शिवम ने सर्वाधिक 21, कुशाग्र ने 19 और दक्ष ने 15 रनों का योगदान दिया। पीसीपीए टीम की ओर गेंदबाजी करते हुए प्रणव ने चार और आयूष ने एक विकेट झटका। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीपीए की टीम ने 24 ओवर में दो विकेट खोकर 142 रन बनाए।
टीम की ओर से दीप सिंह ने 34, पूर्व राज ने 38 और साहिल ने 33 रन बनाए। एथ्री की ओर से गेंदबाजी करते हुए शिवम व ध्रुव ने एक-एक विकेट झटके। बेहतरीन प्रदर्शन करने पर दीप सिंह को मैन ऑफ द मैच का खिताब देकर नवाजा गया। जतिन को मैन ऑफ द सिरीज, बेस्ट गेंदबाज कुशाग्र और अंश चौधरी को चुना गया। मुकाबले में विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।