ऊना। शहर के वार्ड 10 बैहली मोहल्ला में लेंटर का पलस्तर गिरने से एक युवक घायल हो गया। जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। घायल युवक गणेश कुमार (25) को स्थानीय अस्पताल में उपचार दिलवाया गया है। मकान के अन्य हिस्सों से भी पलस्तर गिर रहा है, जिससे पारिवारिक सदस्य घर में जाने से भी डर रहे हैं। डर के चलते पीड़ित परिवार ने अपने घर का सामान भी पड़ोसियों के घर में रख लिया है। मिली जानकारी अनुसार गणेश कुमार दोपहर के समय अपने घर में पिछले कमरे में सो रहा था। जबकि, अगले कमरे में अन्य पारिवारिक सदस्य बैठे हुए थे। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसे सुन घर के सदस्य और अन्य लोगों ने वहां पहुंचकर देखा तो गणेश कुमार मलबे में दबा हुआ था। इस दौरान लोगों ने गणेश को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गणेश के पैर और बाजू पर चोटें आई हैं। स्थानीय वार्ड 10 के पार्षद सुलिंद्रपाल छिंदु, उर्मिला चौधरी, लखविंद्र सिंह लक्की, पूर्व पार्षद निर्मल दास शंकर ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शमशेर सिंह को उचित मुआवजा दिया जाए।