दुलैहड़ के लेवर हॉस्टल परिसर में मुफ्त चिकित्सा जांच शिविर लगाया
राहुल गांधी हमेशा से समाज के कमजोर वर्गों के लिए रहे समर्पित : प्रशांत राय
संवाद न्यूज एजेंसी
दुलैहड़ (ऊना)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जिला ऊना युवा कांग्रेस की ओर से सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वीरवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के दुलैहड़ स्थित लेवर हॉस्टल परिसर में मुफ्त चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया।
दोपहर बाद तक चले शिविर में 400 से अधिक लोगों ने हिस्सा लेते हुए लाभ उठाया। इस शिविर का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय ने किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम को विशेष बल मिला। शिविर में एमडी डाॅ. मुनीष चौधरी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. अभिषेक शर्मा, ईएनटी डाॅ. सागर, मेडिकल ऑफिसर डाॅ. अक्षिता वर्मा, फार्मेसी ऑफिसर मोहन लाल और स्टॉफ नर्स अंशिका ने अपनी सेवाएं दीं।
जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष प्रशांत राय ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा से समाज के कमजोर वर्गों के लिए समर्पित रहे हैं और उनके जन्मदिवस पर इस प्रकार के सेवा कार्य करना उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का माध्यम है। युवा कांग्रेस आने वाले समय में भी इस तरह के सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जुड़ने का कार्य करती रहेगी। उधर, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि युवाओं के प्रेरणा स्रोत राहुल गांधी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में यह नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करना उनके लिए केवल एक सेवा कार्य नहीं, बल्कि उनके विचारों और मूल्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास है। राहुल गांधी हमेशा गरीब, मजदूर, किसान, युवा और आमजन की सेवा और अधिकारों की बात करते हैं। यह शिविर उनके भारत जोड़ो और सेवा भाव के संदेश को आगे बढ़ाने की एक छोटी सी कोशिश है।