अमर उजाला ब्यूरो
टाहलीवाल (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के तहत टाहलीवाल के समीप दो बाइकों की जबरदस्त टक्कर में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य अस्पताल में उपचाराधीन है। मृतक की पहचान हरि कृष्ण (20) निवासी बटट्कलां के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक हरिकृष्ण निवासी बटट्कलां और राकेश कुमार निवासी नंगल कलां बाइक पर टाहलीवाल के समीप जा रहे थे। इस दौरान अमराली की तरफ से टाहलीवाल की ओर आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। बाइक सवार तुरंत मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में घायलों हरिकृष्ण और राकेश को उपचार के लिए 108 की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत के चलते हरिकृष्ण को पीजीआई रेफर कर दिया गया लेकिन हरिकृष्ण ने रोपड़ के समीप दम तोड़ दिया। उधर, एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।