अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। अर्की में हुई राज्य स्तरीय ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप सब-जूनियर और जूनियर वर्ग में ऊना ने दबदबा कायम करते हुए तीन गोल्ड और तीन कांस्य पदक हासिल किए हैं। ऊना टीम ने जूनियर कैटेगरी में दो गोल्ड और एक कांस्य पदक जीता। जबकि, सबजूनियर में एक गोल्ड और दो कांस्य पदक जीते। टीम कोच संदीप ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला के छात्र कर्णवीर सिंह ने जूनियर कैटेगरी में सुपर हैवी 81 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है। वहीं, जूनियर कैटेगरी में 44 से 46 किलोग्राम भार वर्ग में रावमापा बसोली के मन कौंडल ने गोल्ड मेडल हासिल किया है। इसके अलावा जूनियर कैटेगरी में माउंट एवरेस्ट स्कूल के राघव रायजादा 58 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने बताया कि सब जूनियर कैटेगरी में तेजेश्वर सिंह ने 52 से 54 किलो भार वर्ग में गोल्ड हासिल किया। जबकि, इसी कैटेगरी में वीपीएस बहडाला के विद्यार्थियों अनीष और हेमंत ने कांस्य पदक हासिल किए। बॉक्सिंग टीम की सफलता पर जिला खेल अधिकारी एमपी भराड़िया ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। जिला बॉक्सिंग खेल संघ के अध्यक्ष राजीव मेहता और नप अध्यक्ष अमरजोत बेदी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है।