वातानुकूलित होगा जिला आयुर्वेदिक अस्पताल : प्रजापति
रोगी कल्याण समिति की बैठक में बोले डीसी, सभी वार्डों में लगेंगे ऑल वैदर एसी
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल रोगी कल्याण समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि जिला आयुर्वेदिक अस्पताल के सभी वार्डाें में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए ऑल वैदर एसी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बेहतर सुविधा के उद्देश्य से रोगी कल्याण समिति अस्पताल के सभी बिस्तरों और चद्दर को भी बदलेगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल की सभी चद्दरों का रंग आसमानी किया जाएगा। वहीं अस्पताल में लगे वाटर प्यूरीफायर को भी दुरुस्त किया जाएगा।
डीसी ने कहा कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से एकत्रित धनराशि को केवल रोगियों के कल्याण के लिए खर्च किया जाएगा। कहा कि रोगी कल्याण समिति का वर्ष 2018-19 का बजट रोगियों की समस्याओं व जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाया जाएगा। वर्ष 2017-18 की वार्षिक रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए डीसी ने बताया कि जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में रोगियों को ओपीडी, आईपीडी, लेबोरेट्री, स्त्री रोग व प्रसूति तंत्र, पंचकर्म की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि 2017-18 में ओपीडी में कुल 26 हजार 72 और आईपीडी में कुल 3 हजार 111 रोगियों का उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि इन रोगियों में से 19 आईआरडीपी और बीपीएल रोगियों का निशुल्क तथा 58 रोगियों का राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत उपचार किया गया। डीसी ने बताया कि अस्पताल की लेबोरेट्री में पिछले वित्त वर्ष के दौरान 1813 रोगियों के 23110 टेस्ट किए गए। इनमें 390 जैरिट्रिक, 19 आरएसवीवाई, 217 आईआरडीपी व बीपीएल रोगियों के 2,83,440 रुपये धनराशि के टेस्ट निशुल्क किए गए। इस दौरान एनोरेक्टल रोग से ग्रसित 91 रोगियों के ऑपरेशन किए गए जिनमें से 17 रोगियों के 10,200 रुपये के ऑपरेशन निशुल्क किए। स्त्री रोग व प्रसूति तंत्र में 349 और पंचकर्म से 481 रोगियों का उपचार किया। ‘सेवा भारती’ संस्था अंतरंग रोगियों के लिए निशुल्क भोजन व्यवस्था कर रही है।
ये रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सोमा देवी, एसडीएम विनय मोदी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निखिल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सतनाम, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी सुशील चंद्र नाग, राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता अश्वनी कुमार तथा प्रेस क्लब के प्रधान सुरेंद्र शर्मा उपस्थित थे।