हिंदी पंजाबी गीतों पर मचाया धमाल
पूबोवाल स्कूल ने वार्षिक समारोह, प्रधान बलविंद्र कौर ने नवाजे मेधावी
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने बांधा समां
अमर उजाला ब्यूरो
टाहलीवाल(ऊना)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूबोवाल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस समारोह में गांव हलेड़ा विलना की प्रधान बलविंद्र कौर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज मुख्यातिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया। इसके बाद स्कूली छात्रों ने एक से बढ़कर एक पंजाबी और हिंदी गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों पर झूमने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर स्कूल प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने वार्षिक गतिविधियों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने वार्षिक पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में अव्वल छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। इस समारोह में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भिन्न-भिन्न प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। मुख्यातिथि बलविंद कौर ने छात्रों को हर प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने का आह्वान किया। युवाओं को नशे सहित समाज में फैली अन्य कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में स्कूल की उपलब्धियों पर प्रधानाचार्य, स्टाफ सदस्यों और बच्चों को श्रेय देते हुए उन्हें बधाई दी। इस मौके पर मुख्यातिथि के अलावा स्कूल प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, प्रवक्ता यशपाल सिंह, हेमंत कुमार, डीपीई अजय कटारिया, एसएमसी प्रधान भजन सिंह उपस्थित थे।