ऊना। नगर परिषद क्षेत्र ऊना में दो नए पार्क विकसित किए जाएंगे। इसमें वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के लिए ओपन एयर जिम का भी प्रावधान होगा। यह जानकारी नगर परिषद अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी ने दी। उन्होंने बताया कि ऊना शहर में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिए परिषद ने दो नए पार्कों का निर्माण तथा एक पार्क में सुविधाओं को बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि शहर के बीचोंबीच स्थित बाल स्कूल मैदान में प्राइमरी और मिडिल स्कूल के नए भवन के साथ बास्केटबाल कोर्ट बनाया जाएगा, जिसमें लाइट्स का भी प्रावधान होगा। वहीं स्कूल मैदान के चारों तरफ करीब 6 फुट चौड़े पैवर्स युक्त ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। करीब 250 मीटर इस ट्रैक में लाइट की पूरी व्यवस्था होगी। स्कूल मैदान के एंट्री गेट के समीप 13 स्टेशन युक्त ओपन एयर जिम स्थापित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के साथ मिलकर बनने वाले इस प्रोजेक्ट के तहत मिलने वाली सभी सुविधाओं को आम जनता स्कूल की टाइमिंग के बाद प्रयोग कर पाएगी। इसके साथ ही डीसी कालोनी स्थित पार्क में भी वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा। इसमें भी लाइट्स लगाकर लोगों को सुविधा दी जाएगी। पार्क में ओपन एयर बैडमिंटन कोर्ट बनाया जाएगा। इसके साथ ही दो स्टेशन ओपर एयर जिम स्थापित किए जाएंगे। अमरजोत बेदी ने बताया कि डीसी कालोनी में स्कूली बच्चों के बस स्टॉपको देखते हुए इसी पार्क में रेन शेल्टर का भी निर्माण किया जाएगा। एमसी पार्क ऊना में कैंटीन के पास पांच स्टेशन ओपन एयर जिम खोला जाएगा। चिल्ड्रन एरिया में 6 साल से अधिक आयु के बच्चों के लिए बड़ा प्ले स्टेशन तथा पांच साल तक के बच्चों के लिए छोटा प्ले स्टेशन स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिषद के सभी 11 वार्डों में करीब 47 लाख रुपये के विकास कार्यों के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। सभी वार्डों में नगर परिषद सदस्यों की अनुसंशा पर प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना को सफल बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम आने शुरू हो गए हैं। ऊना नगर परिषद क्षेत्र में गारबेज डंपिंग साइट की संख्या 111 से कम होकर 32 रह गई है।