हरोली (ऊना)। हरोली विस क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संतुलित विकास करवाया गया है। साढ़े चार वर्षों में प्रत्येक गांव का समान विकास हुआ है। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हीरांनगर पंचायत में दुलैहड़, गोंदपुर बुल्ला, गोंदपुर जयचंद, भडियारां तथा हीरांनगर पंचायतों के कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बीटन, खड्ड तथा हरोली में तीन सरकारी कॉलेज स्थापित किए गए हैं। पूबोवाल तथा पंडोगा में दो आईटीआई स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि हलके के पालकवाह में 25 करोड़ से प्रदेश का पहला स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि 16 करोड़ से अजौली-लालूवाल सड़क को बेहतर बनाया गया है तथा अब 6 करोड़ रुपये की लागत से लालूवाल-गोंदपुर सड़क को बेहतर किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रो. सिमी अग्निहोत्री, खादी बोर्ड के निदेशक सतीश बिट्टू, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव विनोद बिट्टू, दुलैहड़ पंचायत की प्रधान आशा कौशल, उप-प्रधान मुनीष राणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य अमनदीप मोनी, सुभाष बग्गा, संतोष सिंह, रमेश धीमान, मास्टर राजकुमार आदि उपस्थित रहे।