ऊना। पुलिस चौकी जोल के तहत गांव कुखेड़ा जट्टां में तालाब में डूबने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान नंदनी पुत्री दलजीत निवासी कुखेड़ा जट्टां के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूधमुंही बच्ची की मौत के बाद गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के मुताबिक कुखेड़ा जट्टां निवासी नंदनी अपनी मां के साथ गांव में ही किसी के घर गई थी। इस दौरान तीन बच्चियां आपस में खेल रही थीं। खेलते-खेलते बच्ची तालाब गिर गई। बच्चियों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मां और स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हुए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवा दिया है। मामले की सूचना मिलते ही तहसीलदार बंगाणा विपिन ठाकुर ने सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत भी प्रदान की है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।