आयुष विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित करेगा केंद्र, आयुष वेलनेस केंद्रों की संख्या 17 से बढ़कर हो जाएगी 48
आशुतोष डोगरा
ऊना। जिले में आयुष विभाग की ओर से 31 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों को वेलनेस सेंटर में अपग्रेड किया जाएगा। इन केंद्रों के संचालन के लिए विभाग ने अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए चिकित्सकों व स्टाफ की तैनाती के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया है।
इन केंद्रों को खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में खोला जाएगा, ताकि लोगों को घर द्वार पर आयुर्वेद के विभिन्न पद्दतियोंं का लाभ मिल सके। वर्तमान में ऊना जिले में 17 वेलनेस केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों पर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ योग से भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा अब आयुष विभाग नए 31 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों को वेलनेस के रूप में स्थापित किया जाएगा। आयुष वेलनेस केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ हर्बल गार्डन भी स्थापित होंगे। इसमें औषधीय पौधों को उगाया जाएगा और लोगों को भी औषधीय पौधों के गुणों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा, ताकि लोग इसका अपनी दिनचर्या में प्रयोग कर सेहतमंद रह सकें। इसके अलावा इन केंद्रों में लैब का संचालन भी होगा, ताकि छोटे-मोटे टेस्ट के लिए मरीजों को बड़े अस्पतालों का रूख न करना पड़े।
बॉक्स
इन स्थानों पर स्थापित होंगे वेलनेस केंद्र
जिले में भियांबी, हटली, मलांगड़, त्यूड़ी, लठियाणी, मंदली, नाहरी देवी सिंह, सन्हाल, कलोह, घनारी, अंबोटा, नंगल जरियांला और कुनेरन में आयुष वेलनेस केंद्र स्थापित होंगे। इसके अलावा भंजाल, मवा कोहलां, अंदौरा, नंगल कलां, पोलियां बीत, पंजावर, खड्ड, लोअर पंडोगा, गुरपलाह, अंबुकलां प्रीतम, भलौण, मथेड़, पोलियां पुरोहितां, ठठल, कुठेड़ा खैरला, ज्वार, कुठायड़ी और टकोली में बनाए जाएंगे।
कोट्स
जिले के 31 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों को वेलनेस सेंटर के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद जिले में वेलनेस सेंटर की संख्या 48 हो जाएगी।
डॉ. किरन शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, ऊना