नए साल के आगाज के साथ श्रद्धालुओं ने जमकर पटाखे फोड़ मनाया जश्न
कड़ाके की ठंड भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पाई, सुगम दर्शन प्रणाली में भी श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में नववर्ष धूमधाम से मनाया गया। नए साल के पहले दिन 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार हाजिरी भरी और माथा टेक कर खुशहाली और समृद्धि का आशीर्वाद लिया। रात भर श्रद्धालु मंदिर जाने के लिए लगी लाइनों में डटे रहे। कड़ाके की ठंड भी उनके पांव डगमगा नहीं पाई। रात 12 बजे नए साल के आगाज के साथ श्रद्धालुओं ने जमकर पटाखे फोड़े। दर्शनों के लिए लगी लाइनें लुधियाना धर्मशाला के पास पहुंच गईं। दिनभर श्रद्धालुओं का हुजूम लगा रहा। सुगम दर्शन प्रणाली से भी श्रद्धालुओं की संख्या काफी ज्यादा रही। लिफ्ट से जाने के लिए भी लाइन लगानी पड़ी। वहां भी श्रद्धालु एक दूसरे से आगे जाना चाह रहे थे। दूसरी ओर दर्शनों के लिए लगी लाइनें धीमी गति से चल रही थीं। हजारों श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा से माता चिंतपूर्णी मंदिर में जयकारे लगाते, भजन गाते हुए नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। बंगाणा से विधायक विवेक शर्मा ने परिवार सहित हाजिरी भरी। शाम तक श्रद्धालुओं की लाइनें लगी हुई थीं। तीन से चार घंटे तक श्रद्धालुओं को अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी पड़ी। पंजाब की संस्थाओं की ओर से क्षेत्र में अनेक लंगर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए थे। इसमें श्रद्धालु भोजन ग्रहण कर रहे थे। रात के समय मुख्य बस स्टैंड की पार्किंग भी गाड़ियों से भरी हुई थी। तलवाड़ा बाईपास पर ही नाका लगाकर गाड़ियों को रोक कर एडीबी ब्लॉक की पार्किंग में भेजा गया। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि नववर्ष पर चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही और व्यवस्थाएं भी सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से अच्छी रहीं। होम गार्ड जवानों के प्लाटून कमांडर जागीर लाल ने बताया कि नववर्ष पर मां चिंतपूर्णी मंदिर में 30 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया।
डेरा बाबा रुद्रानंद में भी भक्तों ने लिया आशीर्वाद
आश्रम डेरा बाबा रुद्रानंद नारी में भी नववर्ष पर काफी संख्या में भक्तों ने माथा टेक कर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया और देसी घी के हलवे का प्रसाद भी श्रद्धालुओं को वितरित किया। इस दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कीर्तन सुनकर दोपहर का लंगर ग्रहण किया।