मां का पांच वर्ष पहले हो चुका है देहांत, पिता की भी मानसिक स्थिति ठीक नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। देश को आजाद हुए सात दशक से अधिक हो गए हैं, लेकिन गरीबी के कारण कई लोग मानसिक रूप से असहाय होकर कठिन जीवन जी रहे हैं। ऐसा ही मामला तहसील अंब, गांव मैडी खास, वार्ड नंबर 5 का है। 25 वर्षीय रमन कुमार, जो पिछले पांच वर्षों से मानसिक रूप से पीड़ित हैं, कच्चे मकान में रहते हैं। उनकी मां का पांच साल पहले देहांत हो चुका है,। पिता वरियाम सिंह भी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और इधर-उधर घूमकर जीवन यापन करते हैं। छोटा भाई आशीष मजदूरी कर रहा है।
ग्रामीणों प्रीतम चंद, सतीश कुमार, तिलकराज, बलवीर मिस्त्री, रीना कुमारी, गुरदेवी, अछरू राम, रामदास, अमरदास, ज्ञानचंद आदि का कहना है कि रमन कुमार की हालत लंबे समय से खराब है। रमन कुमार का रहन-सहन बेहद अस्वस्थ है। वह खाने या साफ-सफाई में मदद लेने पर उग्र हो जाते हैं। उनकी देखभाल के लिए कोई नहीं है। ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि रमन कुमार को अस्पताल में दाखिल कर उनका इलाज कराया जाए। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने कहा कि मामला ध्यान में है और जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।