दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट क्षेत्र में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं से हर कोई परेशान है, तो कई अनमोल जिंदगियां इन दुर्घटनाओं ने लील ली हैं। कबिलेगौर है कि पिछले सप्ताह मवा कहोलां में एक दंपती की मृत्यु, ओयल में एक युवक की मृत्यु के बाद दौलतपुर चौक में रात डेढ़ बजे गाड़ी अनियंत्रित होकर दुकान से टकराने के मामले में एक युवक ने पीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बता दें कि 12 जुलाई शुक्रवार को 25 वर्षीय अनुभव कहोल अपने एक साथी के साथ गोंदपुर बनेहड़ा से एक कार्यक्रम के बाद पिरथीपुर जा रहा था कि रास्ते में गाड़ी अनियंत्रित होने से एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें दोनों युवकों को चोटें आईं और अनुभव कहोल को इलाज के लिए पीजीआई रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी दुखद मृत्यु हो गई। अनुभव बहुत ही मेहनती युवक था और चेहरे पर मुस्कान लेकर जीवन में आगे बढ़ने के सपने संजोकर परिवार के लिए कुछ करना चाहता था, परन्तु किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, जो इस प्रकार अनुभव ने दुनिया को अलविदा कह गया।