थानाकलां (ऊना)। शाहतलाई मार्ग पर स्थित मंदली घाट के पास पंजाब के तरनतारन जिले का 24 वर्षीय युवक गोबिंद सागर झील में डूब गया। पुलिस व प्रशासन की ओर से युवक की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक शाहतलाई की ओर जा रहा था। इस दौरान वह मंदली घाट के पास गोबिंद सागर झील के किनारे हाथ-पैर धोने के लिए नीचे उतरा। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह झील के किनारे पहुंचा, अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते युवक झील के पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक वह गहरे पानी में समा चुका था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने झील में डूबे युवक की तलाश शुरू कर दी है।
प्रशासन द्वारा युवक के शव की तलाश के लिए नंगल से गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है। गोताखोरों की मदद से झील में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा ताकि जल्द से जल्द युवक को बाहर निकाला जा सके।
डीएसपी ऊना अजय ठाकुर ने बताया कि मंदली घाट क्षेत्र में युवक के झील में डूबने की सूचना मिली है। गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश की जा रही है।