एचआरटीसी में अस्थाई चालक के लिए आवेदन करने पहुंचे युवा। संवाद
ऊना। बीरा जी... एहे फार्म कित्थे जमा कराणे, सामने से जवाब आया, केड़े फार्म जमा कराणे मुंडया। हाथ में फाइल लिए युवक ने बताया बीरा जी जेड़े ड्रेवर रखने नू बोल्या करदे मैं उदे वास्ते आया। यह नजारा आईएसबीटी ऊना स्थित एचआरटीसी के डिपो के कार्यालय का है।
समय : बुधवार सुबह 9:45 बजे। हिमाचल पथ परिवहन निगम में अस्थायी चालक भर्ती प्रक्रिया शुरू होते ही ऊना डिपो के कार्यालय में युवाओं की भीड़ जमा होने लगी। बुधवार को ऊना डिपो में अस्थायी चालक के 20 पदों के लिए करीब 235 युवाओं ने आवेदन किए।
एचआरटीसी के ऊना डिपो के कार्यालय में बुधवार सुबह 10 बजे भर्ती के लिए पहला आवेदन जमा हुआ, जिसके बाद धीरे-धीरे अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने लगी। करीब 11 बजे तक एचआरटीसी ऊना डिपो कार्यालय के बाहर आवेदन करने वाले युवाओं की भीड़ लग गई।
गर्मी की परवाह किए बगैर युवा कतारों लगकर अपनी बारी इंतजार करते रहे। दोपहर 12:30 बजे तक करीब 75 युवाओं के आवेदन कार्यालय में जमा हुए। पहले तो निगम के कर्मचारियों को लगा कि शायद इतने ही युवा आवेदन करने पहुंचे हैं। कुछ ही मिनटों में दरवाजे के बाहर युवाओं की भीड़ लगातार बढ़ती चली गई।
आवेदन करने का समय एक बजे तक था। ऐसे में युवाओं की भीड़ को देखते हुए एचआरटीसी प्रबंधन के कर्मचारी कुर्सी छोड़ सीधा दरवाजे पर आकर खड़े हो गए और युवाओं से उनके पास जाकर आवेदन एकत्र किए। दोपहर 12:58 बजे तक युवाओं से उनके आवेदन एकत्र उन्हें बस चलाने का टेस्ट देने के लिए वर्कशॉप के पास एकत्र होने के लिए कहा गया।
दो बजे से अस्थायी चालक के लिए आवेदन करने वाले युवाओं का ड्राइविंग टेस्ट लेने शुरू किया गया।