जिले में बढ़कर 70,093 हुई पेंशनधारकों की संख्या
प्रतिवर्ष लगभग 82.93 करोड़ रुपये किए जा रहे व्यय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में बीते ढाई वर्षों के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 22,602 नए मामले स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही जिले में पेंशनधारकों की संख्या बढ़कर 70,093 हो गई है। इन योजनाओं पर प्रतिवर्ष लगभग 82.93 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिससे वंचित वर्गों को आर्थिक संबल के साथ-साथ आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिल रहा है। जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि प्रदेश में पात्र व्यक्तियों को उनकी आयु और श्रेणी के अनुसार प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है। महिलाएं (70 वर्ष से कम आयु) 1,500 रुपये, महिलाएं (70 वर्ष एवं अधिक आयु) 1,700 रुपये, पुरुष (70 वर्ष से कम आयु) 1,000 रुपये, पुरुष (70 वर्ष एवं अधिक आयु) को 1,700 रुपये दिए जाते हैं। इसी तरह दिव्यांगजन को भी उनकी आयु और श्रेणी के अनुसार समान पेंशन राशि प्रदान की जा रही है।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि जिले में सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार की दूरदर्शी और सकारात्मक सोच का परिणाम बताया, जिसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मसम्मान और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
ई-केवाईसी के लिए विशेष अभियान
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों की ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के लिए ई-कल्याण मोबाइल एप के माध्यम से 30 सितंबर तक विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिला, तहसील, पंचायत और स्थानीय स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सहायता से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक अधिकांश पेंशनरों का सत्यापन कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में अपना सत्यापन अवश्य करवा लें।