ऊना। अमर उजाला की ओर से महिला सशक्तीकरण पर शुरू किए गए व्यापक अभियान अपराजिता के तहत वीरवार को रामलीला मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमेें जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त अरिंदम चौधरी इस रैली को सुबह दस बजे हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान वह बच्चों को संबंधित विषय पर अपना संदेश भी देंगे। इस मौके पर डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक वर्मा भी मौजूद रहेंगे। रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर एमसी पार्क ऊना में संपन्न होगी। इस दौरान लोगों को महिलाओं के अधिकार, महिला हिंसा अधिनियम, बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बेटियों के लिए उपायुक्त ऊना द्वारा शुरू की गई विशेष मुहिम ऊना उत्कर्ष से रूबरू कराया जाएगा। रैली में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, एसएसआरवीएम स्कूल ऊना, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना, स्कॉलर्स यूनिफाइड ऊना, रॉकफोर्ड स्कूल ऊना समेत अन्य स्कूलों के बच्चे भाग लेंगे। गौर हो कि अमर उजाला द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देश-प्रदेश व जिला स्तर पर प्रत्येक सप्ताह कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।