कबड्डी में गगरेट स्कूल बना विजेता
बढ़ेडा राजपूतां में खंड स्तरीय खेलों का समापन
मुख्यातिथि ने नवाजे विजेता व उपविजेता खिलाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल विद्यालय बढ़ेडा राजपूतां में चल रही अंडर-14 छात्र-छात्राओं की खंड स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का वीरवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के समापन पर ल्युमिनस औद्योगिक इकाई के असिस्टेंट बाइस प्रेसिडेंट अरुण राघव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर स्कूल के स्टाफ सदस्यों ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उनके साथ स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह मनकोटिया, प्रतियोगिता के समन्वयक सतीश कुमार, विपिन कुमार राजायदा, अश्वनी सैणी, गांव के प्रधान हुसन लाल, रजिंद्र कुमार, रमन कुमार, डीपी यशपाल, सुरेश कुमार, अमिता, दिपाली, बृज वाला, संजीव कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। इस दौरान मुख्य अतिथि ने खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता रहे खिलाड़ियों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब धमाल मचाई। खेलकूद प्रतियोगिता के मुकाबलों में मार्च पास्ट की फाइनल ट्रॉफी संघनई स्कूल के नाम रही, जबकि कबड्डी के पुरुष वर्ग में गगरेट की टीम विजेता और गुगलैहड़ की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग कबड्डी में कुठेड़ा जसवाला विजेता और संघनई की टीम उपविजेता रही। वॉलीबाल प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में मवा सिधियां विजेता और ईसपुर की टीम उपविजेता, महिला वर्ग में मवा सिधियां की टीम विजेता और चलेट स्कूल की टीम उपविजेता रही। खो-खो में पुरुष वर्ग में पडोंगा की टीम विजेता और पंजावर स्कूल की टीम उपविजेता, महिला वर्ग में ढकी की टीम विजेता और चलेट की टीम उपविजेता, बैडमिंटन में पुुरुष वर्ग में बढ़ेड़ा राजपूतां विजेता और मिडिल स्कूल ईसपुर उपविजेता तथा महिला वर्ग में बढ़ेड़ा राजपूता की टीम विजेता और मिडिल स्कूल ईसपुर की टीम उपविजेता रही। कुश्ती में फाइनल विजेता पंजावर और उपविजेता गुगलैहड़ की टीम रही।