एसओएस की परीक्षा में नकल करते पकड़े दो छात्र
ऊना/संतोषगढ़ (ऊना)। स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में उड़नदस्तों की ताबड़तोड़ छापेमारी के बावजूद स्कूलों में नकल नहीं रुक रही। हालांकि बोर्ड ने वार्षिक परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए प्रदेश भर में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों कर्मचारी उड़नदस्तों में शामिल किए हैं। प्रारंभिक स्कूल शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्ते ने बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में शुक्रवार को खड्ड स्कूल में एसओएस परीक्षा केंद्र में नकल करने पर दो छात्रों के केस बनाए। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक की टीम ने पोलियां परोहता, रिपोह मिसरां, चक्क सराय, चुरुडू़, दियाड़ा, हरोली और बाल स्कूल ऊना के परीक्षा केंद्र जांचे। स्कूल शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्ते में शामिल प्रधानाचार्य दविंद्र चंदेल की टीम ने डीएवी स्कूल ऊना, माउंट एवरेस्ट, जखेड़ा, कुठार कलां, बसोली, बाल और कन्या स्कूल और बहड़ाला स्कूल के परीक्षा केंद्रों में दबिश दी। एसडीएम हरोली गौरव चौधरी की टीम ने नंगल कलां, दुलैहड़, गोंदपुर बुल्ला, गोंदपुर जयचंद स्कूल के परीक्षा केंद्र जांचे। स्कूल शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्ते में शामिल अमरीक सिंह की टीम ने संतोषगढ़ नगर के एसडी स्कूल में दबिश दी। उनकी टीम ने हरोली, खड्ड और बाल स्कूल ऊना के परीक्षा केंद्रों में दबिश दी। उच्च शिक्षा उपनिदेशक भूप सिंह की टीम ने बंगाणा, अरलू, लठियाणी और धुंदला स्कूल के परीक्षा केंद्र जांचे।