थानाकलां/लठियाणी(ऊना)।
आखिरकार कुटलैहड़ की चिरलंबित मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बंगाणा में जल्द मिनी सचिवालय खोलने की घोषणा कर दी। सीएम ने अपने दौरे में 18 करोड़ की लागत से धुंदला जिला परिषद के लिए प्रस्तावित 18 करोड़ की पेयजल योजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने रविवार को कुटलैहड़ निर्वाचन क्षेत्र के लिए बंगाणा में आयोजित जनसभा में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री ने बडोली-त्यूडी फेस-दो पेयजल योजना के लिए 1 करोड़ 8 लाख, सिंचाई परियोजना डीहर, चडोली, चंबोआ और धनेत पंचायतों के लिए 5 करोड़ 38 लाख, बडोली-त्यूड़ी उठाऊ सिंचाई योजना के लिए 74.38 लाख, रामगढ़धार पेयजल योजना के सुधार कार्यों के लिए 2.20 करोड़, करमाली, अरलू, सुकडियाल, पिपलू, जसाणा, हटली केसरू बंगाणा उठाऊ पेयजल योजना के लिए 18.50 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। उन्होंने सिंचाई के लिए 10 ट्यूबवेल पेयजल के लिए 50 हैंडपंप लगाने को भी स्वीकृति प्रदान की।
गैहरा कोठी से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक नाबार्ड से संपर्क सड़क के निर्माण के लिए 11 करोड़ और नाबार्ड से ही भलोला, टक्का, डठवाड़ा, जिंगड़ा के लिए चार पुलों व सड़क के निर्माण के लिए 8.70 करोड़ की राशि को स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने अपर थाना से कूट और छतेहड़ से अलसहान हरिजन बस्ती भ्यांबी और लोअर थाना के लिए संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 3.97 करोड़ को नाबार्ड से मंजूरी दी। उन्होंने बंगाणा में मिनी सचिवालय निर्माण के लिए कहा कि अगले बजट में प्रावधान किया जाएगा जबकि मिनी सब्जी मंडी के निर्माण को लेकर कहा कि मंडी समिति से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बडसाला, डठवाडा, हटली बैरी और नरघोटा के लिए भी संपर्क मार्गों को स्वीकृति दी।
उन्होंने थानाकलां और लठियाणी में पशु औषधालयों को पशु चिकित्सालयों में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की। सीएम ने चुरडी उच्च पाठशाला को अगले सत्र से जमा दो करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगाणा और थानाकलां में स्टाफ की समस्या को लेकर कहा कि इस मामले को प्रदेश मंत्रिमंडल में रखा जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर कुटलैहड़ क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पहले प्रवास के दौरान ही करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर उनका समस्त कुटलैहड़ की जनता की ओर से आभार जताया।