गगरेट (ऊना)। विधानसभा क्षेत्र गगरेट में निकाली गई परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने अंबोटा गांव में भाजपा के चुनाव कार्यालय का भी उद्घाटन कर चुनावी तैयारियों में एक और कड़ी जोड़ दी। विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव की हर गतिविधि का संचालन भी अब भाजपा के इसी कार्यालय से होगा। शनिवार को हालांकि परिवर्तन रथ यात्रा में आने पर इस कार्यालय का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने करना था लेकिन उनके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के चंबा में आयोजित कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण सांसद अनुराग ठाकुर ने ही इसका उद्घाटन विधिवत पूजा अर्चना के साथ किया। बताया जा रहा है कि चुनाव के लिए क्षेत्र में यही भाजपा का वार रूम होगा और यहीं से अब सारी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सांसद ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर डट जाने का भी मंत्र दिया।