गगरेट (ऊना)। प्रदेश भर में भाजपा की ओर से निकाली जा रही परिवर्तन यात्रा का रथ शुक्रवार को गगरेट विधानसभा क्षेत्र में पहुंचा। गगरेट पहुंचते ही गगरेट भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा सहित महिला मोर्चा ने जोरदार स्वागत किया। विधानसभा क्षेत्र गगरेट में परिवर्तन यात्रा के साथ चल रही गाड़ियों और दुपहिया वाहनों के कारवां से गगरेट क्षेत्र पूरे भगवा रंग में रंगा नजर आया। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के गुगलैहड़ गांव से लेकर लगभग सभी गांवों में इस यात्रा की अगुवाई कर रहे सांसद अनुराग ठाकुर का जोरदार स्वागत किया गया। इस यात्रा में गगरेट क्षेत्र के सभी वर्गों महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने सांसद अनुराग ठाकुर को अपना भरपूर समर्थन दिया। गगरेट में ट्रक यूनियन के प्रांगण में आयोजित जनसभा में सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस सरकार को सबसे निकम्मी सरकार करार देते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को बेल वाला मुख्यमंत्री कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में माफियाराज, खनन माफिया और ड्रग माफिया का ही विस्तार किया है। लेकिन प्रदेश की जनता कांग्रेस के चंगुल से बाहर आने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त हिमाचल निर्माण करने जा रही है। इस बार भाजपा 60 का आंकड़ा पार करेगी। इस अवसर पर जनसभा में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कांग्रेस को जमकर कोसा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कांग्रेस को प्रदेश से भी अलविदा करने की बात कही। वहीं, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुशील कालिया ने अपने संबोधन में कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि केवल गगरेट विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, कांग्रेस की इस निकम्मी सरकार ने पूरे प्रदेश में विकास का पहिया रोक दिया है। अब प्रदेश में विकास को पटरी पर लाने और प्रदेश में एक समान विकास करवाने के लिए प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को प्रदेश में देखना चाहती है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. शाम वर्मा, राम मूर्ति शर्मा, पवन, विकास विक्की, राजेश ठाकुर, कुसुम, प्रोमिला ठाकुर, अजय ठाकुर, राहुल ठाकुर, गगरेट ट्रक यूनियन के अध्यक्ष सतीश गोगी, रमन जसवाल, सुदेश ठाकुर, जिला पार्षद रमेश हीर, संजीव पाराशर, निर्भय सिंह रोमी, नरेश जस्वाल, नरेश शर्मा, संदेश डोगरा आदि उपस्थित रहे।