शिक्षा विभाग ने बढ़ाई छात्रवृत्ति आवेदन की जांच तिथि
स्कूल प्रधानाचार्य 10 मई तक कर सकते हैं आवेदनों की जांच
जांच न होने से रुकी थी कइयों की छात्रवृत्ति, दस्तावेज ठीक करने को विभाग ने दी मोहलत
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला ऊना के सरकारी व गैर सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के स्कूल प्रबंधनों की लापरवाही के कारण हजारों विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप रुक गई थी। जिस पर शिक्षा विभाग ने जिला ऊना के सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों की लापरवाही को देखते हुए काफी नाराजगी व्यक्त की थी। लेकिन शिक्षा विभाग ने स्कॉलरशिप की वेरीफिकेशन रिपोर्ट जमा करवाने की तिथि बढ़ाकर 10 मई तक कर दी है। जिससे स्कूल प्रबंधन विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप की वेरीफिकेशन रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा विभाग को समय रहते सौंप सकते हैं। जानकारी के अनुसार सरकारी स्कूलों को विभागीय निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों को मिलने वाली स्कॉलरशिप की विद्यालय मॉनिटरिंग कमेटी द्वारा सत्र 2018-19 की स्कॉलरशिप स्कीम के तहत भरे प्रमाणपत्रों की रिपोर्ट-दस्तावेज जांच कर 20 अप्रैल 2019 तक शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर के जिला कार्यालय ऊना में जमा करवानी थी। लेकिन उस समय जिला के करीब 60 फीसदी सरकारी स्कूलों ने यह रिपोर्ट जमा नहीं करवाई थी। क्योंकि शिक्षा विभाग ने स्कूलों से स्कॉलरशिप के लिए किए गए आवेदनों की वेरीफिकेशन कर उसकी एक जिला स्तरीय रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा निदेशालय को सौंपनी थी। जिससे विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप समय पर मिल सके। लेकिन स्कूलों की लापरवाही के कारण ऐसा नहीं हो रहा है। अब स्कूल प्रबंधन इस रिपोर्ट को 10 मई तक शिक्षा विभाग के जिला कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
अब देरी हुई तो नहीं बख्शा जाएगा : धीमान
उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक बीआर धीमान ने जिला के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी लापरवाह स्कूल 10 मई तक अपने स्कूलों के विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप वेरीफिकेशन रिपोर्ट 10 मई तक शिक्षा विभाग के जिला कार्यालय में जमा करवा दें। इस बार भी लापरवाही बरतने वाले स्कूलों को विभागीय कार्रवाई से बख्शा नहीं जाएगा।