दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के पिरथीपुर गांव में रविवार रात को हुई भारी बारिश से एक मकान गिर गया। गनीमत रही कि मकान में सो रहे परिवार के छह सदस्य बाल-बाल बच गए। मकान गिरने की आवाज से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बीपीएल परिवार से संबंधित तरसेम लाल पुत्र कृपाल सिंह परिवार के सदस्यों के साथ अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। इस दौरान मध्यरात्रि मकान के एक हिस्से के गिरने की जोरदार आवाज आई। आवाज सुनकर तरसेम सिंह की आंख खुल गई। तरसेम सिंह ने अपने परिवार को घर से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। तरसेम सिंह ने बताया कि अब सिर छिपाने के लिए जगह नहीं बची है। राशन, कपड़े और अन्य सामान खराब हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों सुरजीत सिंह, राकेश कुमार, पवन कुमार आदि ने बताया कि गांव में पेड़ गिरने से अधिकतर रास्ते बाधित रहे। कई रास्तों में मलबा भर गया और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।