ऊना। बरसात का मौसम शुरू होते ही बसंत विहार रक्कड़ कॉलोनी के लोगों को अपने घरों की चिंता सताने लगती है। उचित जल निकासी न होने से बारिश के साथ कॉलोनी क्षेत्र तालाब में तबदील होने लगता है। कई बार कॉलोनी की ऊना कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी पदाधिकारियों ने प्रशासन से समस्या उठाई लेकिन आज तक कोई उचित कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि कॉलोनी के आसपास भू माफिया सक्रिय है।
इस कारण अवैध तरीके से कॉलोनियों का निर्माण किया गया लेकिन जल निकासी का कोई प्रबंध नहीं रखा। अब सारा पानी बरसात में उनकी कॉलोनी की ओर आता है जिससे उन्हें नुकसान झेलना पड़ता है। समस्या का हल न होने से लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। ऊना कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष अविनाश चंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष प्रेम सागर शर्मा, कोषाध्यक्ष बृज भूषण शर्मा, सदस्य एसी डोगर, प्रो. कमल किशोर, सुनील ठाकुर, पूनम राजपूत, बृज, अनिल शर्मा, एसएस शर्मा, कुशल जोशी का कहना है कि बरसात बसंत विहार कॉलोनी वासियों के लिए आफत बनकर आती है।
लोगों का कहना है कि जोरदार बारिश से कई बार घरों में तीन-तीन फीट तक पानी घुस जाता है। पानी से बचने के कारण उन्हें स्वयं घरों के आगे बोरियां लगानी पड़ती हैं जिससे पानी घरों में न घुसे। लोगों ने प्रशासन से मौके का जायजा लेकर समस्या का हल करवाने की मांग उठाई है। ऊना कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा जल्द समस्या के बारे में एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा।