थानाकलां (ऊना)।
थानाकलां-भाखड़ा सड़क को हाईवे बनाने के लिए निर्माण तो शुरू करवाए जिससे लोगों में बेहतर सड़क सुविधा की आस बंध गई थी। लेकिन दो सप्ताह कार्य चलने के बाद विभाग ने सड़क के काम को ही बंद करवा दिया है। थानाकलां से लेकर छपरोह तक सड़क की टारिंग को पूर्णतया उखाड़ दिया गया है।
वाहनों के गुजरने से धूल के गुबार उड़कर लोगों के घरों और बाजार की दुकानों में घुस रहे हैं। लोगों का आरोप है कि वह इसकी शिकायत विभाग से कई बार कर चुके हैं लेकिन कोई भी अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों में नरेंद्र वशिष्ठ, धर्मपाल वशिष्ठ, किशन चंद, ध्यान चंद, मस्तराम, छपरोह पंचायत प्रधान गौरी देवी, उप प्रधान बलवंत सिंह, पूर्व प्रधान होशियार सिंह, रमेश चंद, सुरेंद्र कुमार, अश्वनी कुमार, मनोज कुमार, अजय कुमार, संतोष का आरोप है कि सड़क की टारिंग को उखाड़े दो माह बीत गए हैं और सारा काम अटका हुआ है। कोई भी प्रशासनिक अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
इस मार्ग पर कई स्थानों से पुल और डंगों को उखाड़ दिया है जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि वाहनों के गुजरने से उड़ती धूल लोगों को कई गंभीर बीमारियां होने से बन रही हैं। उखाड़ी टारिंग के स्थान पर पानी का छिड़काव करने की मांग विभाग से कई बार की जा चुकी है लेकिन कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए।
जब तक कार्य नहीं हो जाता, पानी के छिड़काव की व्यवस्था की जाए वरना लोग धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। एक्सईएन राम स्वरूप कालिया का कहना है कि इस सड़क का कार्य बारिश की वजह से अटका था। इसे शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।