ऊना। क्षेत्र के निकटवर्ती देहला गांव की एक महिला पुलिस कर्मी से ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट से लक्की ड्रॉ निकालने के नाम पर 16.96 लाख की गाड़ी के चक्कर में 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी की शिकार महिला पुलिसकर्मी ने इस संदर्भ में सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला पुलिस कर्मी ने कुछ दिनों एक ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से कुछ सामान मंगवाया था। इसके बाद महिला को फोन पर 16.96 लाख की महिंद्रा एक्सयूवी लक्की ड्रा निकलने का मैसेज आया। ठगी का शिकार हुई महिला पुलिस कर्मी के अनुसार उसे कंपनी के किसी व्यक्ति का फोन भी आया था। शातिरों ने उससे जीएसटी, सिक्योरटी एवं टीडीएस चार्ज के नाम पर राशि खाते में डालने को कहा। शातिरों के झांसे में आने के बाद महिला ने फोन पे और खाते में लाखों रुपये की राशि डाल दी।
बताया जा रहा है कि महिला ने अलग-अलग दिनों में शातिरों के खाते में 2,007,229 रुपये डाल दिए। उधर, एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने लक्की ड्रा से एक्सयूवी निकलने के नाम ठगी का शिकार हुई महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि फोन पर किसी भी तरह के मैसेज व किसी कंपनी की फोन कॉल पर किसी के खाते में राशि न डालें।