उपमंडल के कुठेड़ा खैरला में श्रद्धालुओं से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि पट्टे टूटने के बाद बस सड़क पर पलट गई और एक ढाबे के शेड की ओर घूम गई। हादसे में 20 श्रद्धालु बुरी तरह घायल हो गए हैं। इनमें से चार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को हादसा उस वक्त हुआ, जब एनएच 03 अंब-नादौन मार्ग पर कुठेड़ा खैरला में मैड़ी से अंब की ओर आ रही श्रद्धालुओं से भरी बस के पट्टे टूट जाने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और एक ढाबे के शेड के अंदर जा घुसी। गनीमत यह रही कि उस वक्त ढाबे के बाहर कोई व्यक्ति नहीं था और सामने से भी कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था, जिससे ज्यादा नुकसान हो सकता था।
घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब लाया गया। दुर्घटना में मोहित पुत्र कृष्णलाल निवासी मुक्तसर पंजाब, सवर्णा देवी पत्नी अशोक निवासी प्रंब, परमजीत कौर पत्नी गुलजारी लाल निवासी अंब, चंचला देवी पत्नी प्यारे लाल निवासी ब्रह्मपुर, कुलविंद्र निवासी सौंफी थाना जालंधर पंजाब, राजरानी पत्नी गरविंद्र निवासी वार्ड नंबर 2 ऊना, राजिंद्र चौहान पत्नी रोहित चौहान निवासी मैड़ी, रंजन कुमार पुत्र रजिंद्र निवासी चिरागवाली गली मोगा पंजाब, नरेंद्र कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी खज्जियांवाली मुक्तसर पंजाब, गुरसेवक पुत्र बिंदा सिंह निवासी पटियाला पंजाब, बीना रानी पत्नी प्रेम लाल निवासी अंब, पायल पत्नी वतन लाल निवासी बडियां वाली गली मुक्तसर पंजाब, निरमल सिंह पुत्र श्याम सिंह निवासी अमृतसर पंजाब, मत्था सिंह पुत्र प्यारा सिंह करतारपुर पंजाब, मुगवा राम निवासी हाजीपुर होशियारपुर पंजाब, आशा रानी पत्नी अमर सिंह निवासी शालीमार बाग कपूरथला पंजाब, मीना कुमारी पत्नी अमरजोत निवासी हीरानगर कलरूही अंब, गगनदीप पुत्र सुखदेव सिंह निवासी मुकेरियां पंजाब, सोनिया पत्नी नरेंद्र कुमार निवासी मुक्तसर पंजाब तथा सुषमा पत्नी अश्विनी निवासी ऊना घायल हो गए हैं। अंब के ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज राजेंद्र पठानिया ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।