ऊना। इंदिरा मैदान ऊना में चल रही सेना भर्ती के चौथे दिन भी हमीरपुर जिला के करीब 2885 युवाओं ने दौड़ लगाई। इसमें से मात्र 483 युवा दौड़ पास कर आगामी प्रक्रिया में पहुंचे। दौड़ में सफल रहे युवाओं की अन्य शारीरिक मापदंड प्रक्रियाएं सेना के अधिकारियों की देखरेख में जारी है।
सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के डायरेक्टर कर्नल सतीश कुमार ने बताया कि 3389 युवकों ने भर्ती के लिए आवेदन किया था। इनमें से 2885 ने ही हिस्सा लिया। इनमें से ज्यादातर शुरुआती प्रक्रिया में अनफिट पाए गए। उन्होंने बताया कि 2885 युवाओं में से 483 युवा ही फिट पाए गए हैं। मंगलवार सुबह 4 बजे से ही भर्ती स्थल के बाहर युवकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। युवाओं को अभी बीम पुलअप, जिग जैग बैलेंसिंग तथा गड्ढा फांदना जैसे अन्य परीक्षणों को भी पास करना होगा।
अंतिम पड़ाव में स्क्रीनिंग टेस्ट और मेडिकल टेस्ट में सफल होने वाले प्रतिभागियों की भर्ती टेस्ट में मेरिट के आधार पर ही होगी। अभ्यर्थियों के विभिन्न टेस्ट किए जा रहे हैं खामी आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को ऊना जिला के युवाओं की भर्ती होगी, जबकि मैदान में दौड़ आदि प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए समय पर पहुंचना होगा।