ऊना। कृषि विभाग की ओर से जिले के किसानों को वितरित किया गया 700 क्विंटल गेहूं का बीज अंकुरित नहीं हुआ है। इससे किसानों के खेत खाली हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। वहीं, गेहूं की फसल के लिए भी किसान अन्य किसानों से पिछड़ गए हैं।
किसानों ने रबी की फसल के लिए कृषि विभाग की ओर से एचआईएल 1105 किस्म का गेहूं बीज सोसायटी के माध्यम से प्राप्त किया था। किसानों ने 710 रुपये प्रति 40 किलोग्राम के भाव से बीज खरीदा था। लेकिन बिजाई के बाद भी बीज अंकुरित नहीं हुआ। कृषि विभाग की ओर से जिला ऊना के लिए 700 क्विंटल बीज मंगवाया गया था। लेकिन बीज अंकुरित न होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
भारतीय किसान संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को अपनी समस्याओं को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त व कृषि विभाग के एडीओ से मिला। उन्होंने ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्याए सुनाई। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा व ब्लॉक अध्यक्ष चंचल सिंह ने बताया कि बारिश व तूफान के कारण मक्की की फसल पहले ही तबाह हो गई थी और अब विभाग की ओर से दिया गया बीज अंकुरित नहीं हुआ है। इससे किसान गेहूं की बिजाई के समय से पिछड़ रहे हैं। इस अवसर पर हरदियाल सिंह, गुरदीप सिंह, मदन लाल, राम लोक सिंह, उज्जवल सिंह, अजमेर सिंह आदि मौजूद रहे।
जल्द उपलब्ध करवाया जाएगा नया बीज : एडीओ
कृषि विभाग के एडीओ रमेश कुमार ने बताया कि किसानों को मुफ्त बीज देने के लिए विभाग की ओर से बीज कंपनी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही किसानों के लिए नया व बेहतर गेहूं का बीज निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि किसान अपनी गेहूं की फसल की बिजाई कर सकें।