ऊना। शहर में शौचालयों की समस्या को नगर परिषद पूरी तरह हल करने जा रही है। इसके लिए कमेटी ने शौचालय बनाने के लिए शहर में 10 स्थानों को चिह्नित कर लिया है। इन शौचालयों का निर्माण कार्य भी नगर परिषद की ओर से जल्द ही शुरू करवा दिया जाएगा।
नगर परिषद की ओर से तहसील कार्यालय के बाहर दो पुरुषों और दो महिलाओं के लिए, एमसी पार्क में पर्यटन को देखते हुए तीन पुरुषों और तीन महिलाओं के लिए, बाजार में सेंट्रल बैंक के सामने दो पुरुषों और एक महिला के लिए, रौनकी सरां में शौचालय को अपग्रेड, गीता भवन में सिंगल शौचालय, नगर परिषद पार्किंग में शौचालयों को अपग्रेड किया जाएगा। इसके अलावा खोखा मार्केट में ट्रांसफार्मर के पास जगह के हिसाब के शौचालय बनाए जाएंगे।
इसके लिए उपायुक्त को जमीन उपलब्ध करवाने की मांग की है। खोखा मार्केट में बनाए नाले को बंद किया जाएगा। पुरुषों के लिए शौचालय बनाएं जाएंगे और पालिका बाजार में सिंडीकेट बेसमेंट की दुकानों के साथ तीन महिलाओं और तीन पुरुषों के लिए शौचालय तैयार किए जाएंगे। शहर के पार्क और बाजार में शौचालय व्यवस्था न होने से शहर वासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सबसे ज्यादा दिक्कत वरिष्ठ नागरिकों को पेश आ रही थी। इसके लिए उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी कई बार बात की। इसके बाद अब नगर परिषद ने पार्क और बाजार सहित अन्य स्थानों पर शौचालय बनाने के लिए पूर्ण रूप से निर्णय ले लिया है।
जल्द करेंगे टेंडर : बाबा बेदी
नगर परिषद अध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी ने कहा कि पूरे शहर में कमेटी ने शौचालय बनाने के लिए दस जगहों को चिह्नित कर लिया है। इसके निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के लिए भविष्य में टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।